How To Keep Banana Fresh For Long: पके हुए केले 1-2 दिन में ही काले पड़ जाते हैं और गलने लगते हैं। केले को लंबे समय तक फ्रेश और कड़ा रखने के लिए इन उपायों को अपनाएं। इससे केले जल्दी काले नहीं पड़ेंगे।

केला ऐसा फल है जो बहुत जल्दी पक जाता है। अगर केले को किसी दूसरे फल के साथ रख दिया जाए तो वह फल भी तेजी से पकने लगता है। पके हुए केले पर पहले काले धब्बे आने लगते हैं और धीरे-धीरे केला अंदर से गलने लगता है। ज्यादा गला हुआ केला पूरी तरह काला पड़ जाता है और फिर वह खाने लायक नहीं रहता।
अगर आप भी इस डर से केले कम खरीदते हैं कि वे जल्दी पककर खराब हो जाएंगे, या फिर उन्हें जल्दी-जल्दी खत्म करना पड़ता है, तो कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। इन तरीकों की मदद से केले लंबे समय तक ताज़ा रहेंगे और जल्दी काले भी नहीं पड़ेंगे। आइए जानते हैं कि केले को जल्दी पकने और खराब होने से बचाने के लिए क्या करें।
केले को काला पड़ने से कैसे बचाएं?
केले को खराब होने से बचाने के लिए बाजार में केले टांगने वाले हैंगर भी मिलते हैं। इनमें केले टांगकर रखने से उन पर दबाव नहीं पड़ता और वे कई दिनों तक ताज़ा बने रहते हैं।
जब भी केले खरीदें तो कुछ केले ऐसे लें जो तुरंत खाने लायक पके हों और कुछ ऐसे लें जो 1–2 दिन में पकने वाले हों। इससे केले लंबे समय तक चलते हैं और एक साथ खराब नहीं होते।
केले को जल्दी पकने और काला पड़ने से बचाने के लिए उन्हें गुच्छे से तोड़कर अलग-अलग कर दें। ऐसा करने से केले जल्दी नहीं पकते।
केले के डंठल को पॉलिथिन या क्लिंग रैप से अच्छी तरह लपेट दें। दरअसल केले के डंठल से एथिलीन गैस निकलती है, जो उन्हें तेजी से पकाती है। डंठल को ढकने से यह प्रक्रिया धीमी हो जाती है।
केले को हमेशा अलग टोकरी में रखें और किसी दूसरे फल के साथ न रखें। सेब जैसे फल भी एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जिससे केले जल्दी पकने लगते हैं।
केले को लंबे समय तक ताज़ा रखने के लिए आप विटामिन C की टैबलेट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए विटामिन C की एक गोली पानी में घोल लें और उस पानी में केले को हल्के से धो लें या कुछ देर के लिए डुबोकर रखें। ऐसा करने से केले जल्दी काले नहीं पड़ते और ज्यादा समय तक खराब भी नहीं होते।
केले को गलने से बचाने के लिए उन्हें आग या बहुत गर्म जगह के पास न रखें। साथ ही केले को फ्रिज में रखने से भी बचें, क्योंकि इससे उनका छिलका ऊपर से जल्दी काला पड़ सकता है। केले को हमेशा कमरे के सामान्य तापमान (रूम टेंपरेचर) पर रखना बेहतर होता है, इससे वे जल्दी खराब नहीं होते।
अगर आप चाहें तो केले को वैक्स पेपर से हल्के से ढककर भी रख सकते हैं। इससे वे ज्यादा समय तक ताज़ा बने रहते हैं। इन आसान तरीकों को अपनाकर आप केले को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं और उन्हें जल्दी काला पड़ने से बचा सकते हैं।
