सरकारी तेल कंपनियों ने 20 मार्च को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। स्पीड, पावर और XP95 जैसे प्रीमियम फ्यूल अब ₹2.09 से ₹2.35 प्रति लीटर तक महंगे हो गए हैं।
नई दरों के बाद दिल्ली में प्रीमियम पेट्रोल ₹107 से ₹112.30 प्रति लीटर, मुंबई में ₹115 से ₹120.30 प्रति लीटर और चेन्नई में ₹112 से ₹117.30 प्रति लीटर के बीच पहुंच गया है।
हालांकि, आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सामान्य पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की दरों पर ही उपलब्ध रहेगा।
प्रीमियम पेट्रोल को BPCL के ‘स्पीड’, HPCL के ‘पावर’ और IOCL के ‘XP95’ ब्रांड नामों से बेचा जाता है, जो सामान्य पेट्रोल की तुलना में अधिक कीमत पर मिलता है।
कंपनियों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते यह बढ़ोतरी की गई है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय तनाव, खासकर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर पड़ा है।

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में क्यों हुई बढ़ोतरी?
प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपए महंगा होता है। अब इस बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ जाएगा।
आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेड़ा गया है। तेल कंपनियों ने आखिरी बार मार्च 2024 में आम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2 रुपए की कटौती की थी। प्रीमियम फ्यूल की बिक्री कुल पेट्रोल बिक्री का एक छोटा हिस्सा होती है, इसलिए इस बढ़ोतरी का असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ेगा जिनके पास लग्जरी कारें या हाई-परफॉरमेंस स्पोर्ट्स बाइक्स हैं।

